अम्बेडकरनगर, 22 फरवरी। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अम्बेडकरनगर द्वारा रविवार को अकबरपुर स्थित लोहिया भवन परिसर में वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर (मेगा कैम्प) का भव्य आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को विधिक रूप से जागरूक एवं सशक्त बनाना तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय प्रभारी जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री राम बिलास सिंह ने माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया। उद्घाटन अवसर पर विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी अधिनियम) एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत  भारतेन्दु प्रकाश गुप्ता, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं नोडल अधिकारी शिविर श्रीमती ज्योत्सना बंधु, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती सुधा यादव, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी)श्याम देव , जिला विकास अधिकारी  आलोक दत्त उपाध्याय सहित अनेक न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव  शैलेश कुमार मौर्य के निर्देशन में संपन्न हुआ।

योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

             शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने आमजन को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी। अपर जिलाधिकारी श्रीमती ज्योत्सना बंधु ने केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा मिलने वाले लाभों पर प्रकाश डाला। अपर पुलिस अधीक्षक श्री श्याम देव ने पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की जानकारी दी।विशेष न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत  भारतेन्दु प्रकाश गुप्ता ने आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व एवं उसमें वादों के त्वरित निस्तारण के लाभों के बारे में बताया।माननीय प्रभारी जनपद न्यायाधीश  राम बिलास सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे मेगा शिविर न्याय को आमजन के द्वार तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि निःशुल्क विधिक सहायता और लोक अदालत के माध्यम से आमजन कम समय और कम खर्च में न्याय प्राप्त कर सकते हैं।

32 से अधिक विभागों की सहभागिता

          शिविर में जनपद के 32 से अधिक विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। प्रत्येक विभाग ने बैनर, पोस्टर, पुस्तिकाओं और पम्पलेट के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। मौके पर ही पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया और आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा गया।

लाभार्थियों को वितरित किए गए प्रमाण पत्र व सहायता

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र एवं आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

  • राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत लाभार्थियों को आर्थिक सहायता राशि वितरित की गई।

  • विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत सिलाई मशीनें प्रदान की गईं।

  • दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा पेंशन स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

  • आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबी एवं प्रमाण पत्र सौंपे गए।

  • समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

  • छात्राओं को कन्‍या सुमंगला एवं बाल सेवा योजनाओं के तहत प्रमाण पत्र, स्कूल बैग व स्टेशनरी किट वितरित की गई।

  • श्रम विभाग द्वारा कन्या विवाह सहायता तथा मातृत्व शिशु एवं बालिका मद्द योजना के लाभ दिए गए।

  • कृषि एवं मत्स्य विभाग द्वारा संबंधित योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

  • बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा पात्र छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया।

स्टॉलों का निरीक्षण

         कार्यक्रम के उपरांत माननीय न्यायाधीश एवं अन्य अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।

जागरूकता बढ़ाने की दिशा में प्रभावी पहल

शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही। लोगों ने मौके पर ही योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर आवेदन किए। यह आयोजन न केवल विधिक जागरूकता बढ़ाने में सहायक सिद्ध हुआ, बल्कि शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *