होली पर्व के मद्देनज़र जनपद में शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य-पेय पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आमजन को मिलावट के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष अभियान संचालित किया गया। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई मोबाइल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला (एफएसडब्ल्यू वैन) के माध्यम से दिनांक 21.02.2026 को नगर पालिका परिषद अकबरपुर क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 35 खाद्य नमूनों की मौके पर जांच की गई।अभियान के अंतर्गत लगभग 90 खाद्य व्यवसायियों एवं स्थानीय नागरिकों को खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान संबंधी सरल घरेलू परीक्षण विधियों की जानकारी दी गई। साथ ही मिलावटी खाद्य पदार्थों के सेवन से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।मिठाइयों के 14 नमूने, भुना चना का 1 नमूना तथा मसालों के 5 नमूनों की जांच की गई। परीक्षण में स्टार्च की मिलावट पाए जाने के कारण मिठाई का 1 नमूना एवं मसाले का 1 नमूना निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।मिठाइयों के 5 नमूने, खाद्य तेल के 2 नमूने, दाल का 1 नमूना तथा फलों के 3 नमूनों की जांच की गई। जांच के दौरान मिठाई का 1 नमूना मानक के अनुरूप नहीं पाया गया। संबंधित विक्रेता को पाई गई कमियों के संबंध में सचेत करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।गौहन्ना स्थित गौरव पटेल (पुत्र रमेश चन्द्र वर्मा) की खोया एवं पनीर निर्माण इकाई का निरीक्षण किया गया। गुणवत्ता परीक्षण हेतु खोया एवं पनीर का एक-एक नमूना संग्रहित कर खाद्य विश्लेषक, उत्तर प्रदेश की प्रयोगशाला को भेजा गया। निरीक्षण के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा लगभग 12 किलोग्राम खोया मौके पर ही नष्ट कराया गया।प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी नमूने में अपमिश्रण अथवा मानक उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी।अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी  संतोष कुमार वर्मा एवं ओम प्रकाश उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *