टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब टीम इंडिया के लिए हर मुकाबला निर्णायक बन चुका है। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए सिर्फ जीत काफी नहीं होगी, बल्कि बड़े अंतर से जीत दर्ज करना भी बेहद जरूरी है। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम का भविष्य अब बाकी मैचों के परिणाम और नेट रन रेट पर टिका है।भारत का अगला मैच 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ है। इस मुकाबले में केवल दो अंक हासिल करना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि ऐसा प्रदर्शन करना होगा जिससे नेट रन रेट में बड़ा सुधार हो सके। सुपर-8 के पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका से 76 रन की हार के बाद भारत का नेट रन रेट -3.800 पर पहुंच गया है, जिससे स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई है।दक्षिण अफ्रीका का नेट रन रेट +3.800 है, जबकि वेस्टइंडीज ने 107 रन की जीत के बाद +5.350 का मजबूत नेट रन रेट हासिल कर लिया है। ऐसे में स्पष्ट है कि अंतिम चार में पहुंचने की जंग नेट रन रेट के आधार पर भी तय हो सकती है। फिलहाल इस मामले में भारत पीछे चल रहा है।
अगर भारत पहले बल्लेबाजी करता है और 220 रन बनाता है, तो जिम्बाब्वे को 120 या उससे कम पर रोकना आदर्श स्थिति होगी। यानी 100 रन या उससे अधिक के अंतर से जीत भारत को नेट रन रेट की दौड़ में मजबूत स्थिति में ला सकती है।अगर जिम्बाब्वे पहले बल्लेबाजी करे और 150-160 रन बनाए, तो भारत को यह लक्ष्य लगभग 11-12 ओवर के भीतर हासिल करना होगा। इससे नेट रन रेट में तेज़ी से सुधार संभव है। उदाहरण के तौर पर, 160 रन का लक्ष्य 10-12 ओवर में हासिल करने पर भारत का नेट रन रेट +4 या +5 तक पहुंच सकता है। वहीं यदि लक्ष्य 180 से ऊपर हो, तो 15 ओवर से पहले जीत दर्ज करना फायदेमंद रहेगा।हालांकि जिम्बाब्वे ने लीग चरण में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका जैसी टीमों को हराकर अपनी क्षमता दिखा दी है, इसलिए यह मुकाबला आसान नहीं माना जा सकता।
यदि भारत जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज दोनों को हरा देता है और दक्षिण अफ्रीका वेस्टइंडीज को मात दे देता है, तो भारत और दक्षिण अफ्रीका चार-चार अंक के साथ सेमीफाइनल में पहुंच सकते हैं।अगर वेस्टइंडीज दक्षिण अफ्रीका को हरा देता है, तो भारत को जिम्बाब्वे पर बड़ी जीत दर्ज करनी होगी और फिर वेस्टइंडीज को भी हराना होगा। ऐसी स्थिति में भारत और वेस्टइंडीज के चार-चार अंक हो सकते हैं, और बेहतर नेट रन रेट वाली टीम सेमीफाइनल में जाएगी।दि जिम्बाब्वे दक्षिण अफ्रीका को हराने में सफल रहता है, तो भारत, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के बीच नेट रन रेट के आधार पर शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल के लिए चुनी जाएंगी।कुल मिलाकर, भारत के लिए आगे का रास्ता आसान नहीं है। अब टीम को सिर्फ जीत नहीं, बल्कि प्रभावशाली और बड़े अंतर की जीत की जरूरत है, ताकि सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया जा सके।
