लखनऊ में जीएसटी सुधारों को लेकर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार तैयार उत्पादों पर जीएसटी कम कर रही है जबकि कच्चे माल पर बढ़ा रही है जिससे जनता को धोखा हो रहा है। उन्होंने महंगाई कम करने के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया की दाम बांधो नीति का समर्थन किया और विदेश नीति की विफलता पर भी चिंता जताई।
लखनऊ। नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म को लेकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा है। सपा प्रमुख ने कहा है कि भाजपा सरकार ने दिखाने के लिए तैयार सामान पर जीएसटी घटा दी, लेकिन वो सामान जिससे बनता है, उस कच्चे माल पर जीएसटी बढ़ा दी। भाजपा के जीएसटी गोलमाल का सच यही है।भाजपा जनता को धोखा दे रही है। भाजपाई तो सड़कों पर नारे लगाकर 50 प्रतिशत का भाषण देकर निकल गए, अब जब जनता बाजार जा रही है और सस्ता माल नहीं पा रही है तो दुकानदारों से झगड़ रही है,शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी के गुलिस्तां कॉलोनी स्थित आवास पर पत्रकारों से वार्ता में सपा प्रमुख ने कहा कि इस सरकार ने आठ साल पहले आधी रात को जीएसटी लगाकर जश्न मनाया था। तबसे हर चीज को महंगा कर जनता से वसूली की।जब ये वस्तुएं आठ साल बाद भी कम कीमत पर मिल सकती है तो भाजपा सरकार ने महंगा क्यों किए रखा। जब तक मुनाफा कम नहीं होगा तब तक महंगाई कम नहीं होगी। महंगाई कम करने के लिए डा. राम मनोहर लोहिया की दाम बांधों नीति पर ही जाना होगा।उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में प्रदेश में मिली हार और महंगाई से बढ़ते जनाक्रोश को देखकर भाजपा बैकफुट पर आई है, लेकिन यह सरकार अभी भी धोखा दे रही है।विदेश नीति की असफलता के कारण हमारे उद्योग-कारोबार को नुकसान हो रहा है। टैरिफ और जयादा होगा तो कारोबार का क्या होगा? उन्होंने जंगली जानवरों के बढ़ते हमलों काे लेकर भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।
