टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में पाकिस्तान को इंग्लैंड के हाथों रोमांचक हार का सामना करना पड़ा। आख़िरी ओवर तक चले मुकाबले में इंग्लैंड ने 2 विकेट से जीत दर्ज कर ली। इस मैच में इंग्लैंड के कप्तान Harry Brook ने शानदार शतक जड़कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है, जबकि पाकिस्तान के लिए आगे की राह कठिन हो गई है।मंगलवार को खेले गए इस अहम मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 164 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम ने लक्ष्य को अंतिम ओवर में हासिल कर लिया।इस हार के बाद पाकिस्तान के दो मैचों में केवल एक अंक हैं। इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ उसका मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था। ग्रुप-2 से इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है, जबकि पाकिस्तान अब टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर खड़ा है।पाकिस्तान की उम्मीदें अब अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर हैं। खासतौर पर न्यूजीलैंड और श्रीलंका के मुकाबले उसके लिए निर्णायक साबित होंगे।अगर न्यूजीलैंड अपने अगले दोनों मैच — श्रीलंका और इंग्लैंड के खिलाफ — जीत लेता है, तो पाकिस्तान का श्रीलंका के खिलाफ होने वाला आखिरी मैच औपचारिकता भर रह जाएगा और वह सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो जाएगा।ऐसे में पाकिस्तान को न सिर्फ अपना अगला मुकाबला जीतना होगा, बल्कि यह भी उम्मीद करनी होगी कि अन्य मैचों के परिणाम उसके पक्ष में जाएं। तभी उसके लिए अंतिम चार में पहुंचने की संभावना बन पाएगी।यदि न्यूजीलैंड अपने दो में से केवल एक मैच जीतता है और पाकिस्तान अपने आखिरी मैच में श्रीलंका को हरा देता है, तो फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा। यदि 25 फरवरी को श्रीलंका की टीम न्यूजीलैंड को हरा देती है तो पाकिस्तान की उम्मीदें मजबूती से जिंदा रहेंगी। पाकिस्तानी फैंस की नजरें अब बुधवार को होने वाले श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड मैच पर टिकी हैं, क्योंकि वहां श्रीलंका की जीत ही पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल के दरवाजे खोल सकती है। ग्रुप दो के अन्य मैच 25 फरवरी को न्यूजीलैंड बनाम श्रीलंका (कोलंबो), 27 फरवरी को इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड (कोलंबो)और 28 फरवरी को पाकिस्तान बनाम श्रीलंका (पल्लेकेले) खेलेंगीं |
