भारत निर्वाचन आयोग ने असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में चुनाव कार्यक्रम की जानकारी दी।निर्वाचन आयोग के अनुसार असम, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। वहीं तमिलनाडु में भी एक चरण में 23 अप्रैल को मतदान होगा। दूसरी ओर पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे, जहां 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।आयोग ने बताया कि इन राज्यों के अलावा विभिन्न राज्यों की आठ विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव होंगे। इन सीटों के लिए 9 अप्रैल और 23 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। सभी राज्यों के विधानसभा चुनाव और उपचुनाव की मतगणना 4 मई को की जाएगी।
असम विधानसभा में कुल 126 सीटें हैं और मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 20 मई 2026 को समाप्त होने वाला है। वर्ष 2016 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 60 सीटें जीतकर पहली बार राज्य में सरकार बनाई थी। इसके बाद 2021 के चुनाव में भी पार्टी ने लगभग वही प्रदर्शन दोहराया था। उस चुनाव में भाजपा ने 93 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और 60 सीटों पर जीत दर्ज की थी। भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को कुल 126 में से 75 सीटें मिली थीं, हालांकि 2016 की तुलना में गठबंधन को 11 सीटों का नुकसान हुआ था।वहीं पश्चिम बंगाल विधानसभा में कुल 294 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए 148 सीटों का बहुमत आवश्यक होता है। वर्तमान में राज्य में तृणमूल कांग्रेस की सरकार है और उसके पास विधानसभा में 223 सीटें हैं। तृणमूल कांग्रेस वर्ष 2011 से लगातार राज्य की सत्ता में बनी हुई है।चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही संबंधित राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इसके बाद अब राजनीतिक दलों की चुनावी तैयारियां तेज होने की उम्मीद है और आने वाले दिनों में चुनावी रैलियों तथा जनसभाओं का दौर भी बढ़ेगा।
