राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में 22 फरवरी 2026 को जनपद अम्बेडकरनगर में एक बड़े विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का आयोजन प्रस्तावित है। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना है।इस आयोजन की तैयारियों की समीक्षा के लिए 17 फरवरी 2026 को एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रभारी जनपद न्यायाधीश राम बिलास सिंह ने की।
बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती सुधा यादव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव शैलेश कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्रीमती ज्योत्सना बंधु, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) हरेन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी आलोक दत्त उपाध्याय सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सभी विभागों को निर्देश दिए गए कि शिविर की व्यवस्थाएं सुचारु और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाएं, जिससे अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।22 फरवरी को आयोजित होने वाले इस विशेष शिविर में विभिन्न विभाग अपने स्टॉल के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे और पात्र व्यक्तियों का पंजीकरण करेंगे। विशेष रूप से दिव्यांगजन, महिलाओं और बच्चों, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के नागरिकों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।मुख्य शिविर से पूर्व जनपद की सभी तहसीलों में तीन प्री-कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले पात्र लोगों का पहले से पंजीकरण किया जा सके और उन्हें मुख्य शिविर में सीधे लाभ प्रदान किया जा सके। इसी क्रम में 17 फरवरी 2026 को तहसील टाण्डा परिसर में एक प्री-कैम्प का आयोजन किया गया, जिसमें तहसीलदार निखिलेश कुमार की उपस्थिति में विभिन्न विभागों ने भाग लेकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर ही पात्र व्यक्तियों का पंजीकरण किया।इस प्री-कैम्प में पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति, शुल्क प्रतिपूर्ति, शादी अनुदान, कंप्यूटर प्रशिक्षण, छात्रावास योजना, आर्थिक सहायता, पेंशन, चिकित्सा सहायता, श्रमिक कल्याण योजनाएं तथा दिव्यांगजन के लिए पेंशन एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने से संबंधित योजनाओं के लिए पात्र लोगों का पंजीकरण किया गया।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरा लीगल वॉलंटियर्स मंगलमणि पाठक, लालजी और श्रीमती अनुपम ने उपस्थित नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता के अधिकारों के बारे में जानकारी दी। साथ ही राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं और प्री-लिटिगेशन स्तर पर सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों के समाधान की प्रक्रिया को भी सरल तरीके से समझाया।अधिकारियों ने बताया कि 22 फरवरी 2026 को लोहिया भवन, अकबरपुर में आयोजित होने वाले मुख्य शिविर में पहले से पंजीकृत लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, जो लोग अभी तक पंजीकरण नहीं करा सके हैं, उन्हें भी उसी दिन पंजीकरण कराकर योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
